हरदोई(अजय पांडेय)-हरदोई जनपद की खास खबरे –--
हरदोई जनपद की खास खबरे
रिपोर्ट अजय पांडेय ब्यूरो
1
चार साल पहले चचेरी बहन से दुष्कर्म के मामले में अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट दीपा राय ने दोषी को 20 वर्ष की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
जिला शासकीय अधिवक्ता रामचन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि शासन की ओर से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत ये वाद चिह्नित था।
न्यायालय में अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक क्षितीश दीक्षित व अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी रामसनेही पुत्र परसादी ने 17 मार्च 2016 को चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया था।
15 वर्षीय पीड़िता रात करीब 10 बजे अपने घर से शौच के लिए निकली थी। तभी पास में ही रहने वाले उसके ताऊ के लड़के रामसनेही ने उसे पकड़ लिया और कमरे में ले गया।
छह घंटे तक उसे बांधकर रखा और दुष्कर्म किया। परिवार व गांव वालों ने किसी तरह उसे बचाया। आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी थी।
अदालत ने मुकदमे की सुनवाई पूरी कर साक्ष्य के आधार पर आरोपी को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। आदेश दिया कि जुर्माने की धनराशि पीड़िता को दिलाई जाए। जुर्माना न जमा करने पर आरोपी को डेढ़ वर्ष अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।
2
मिठाई संग तौला डिब्बा, छह दुकानदारों पर जुर्माना बांट माप विभाग की ओर से चलाए गए अभियान के तहत टीम अधिकारियों ने हरदोई, शाहाबाद व कछौना क्षेत्र में 15 मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया।
तौल में गड़बड़ी मिलने पर छह दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। बांट माप विभाग की वरिष्ठ निरीक्षक मीनू तिवारी की टीम ने मंगलवार व बुधवार को हरदोई, शाहाबाद व कछौना क्षेत्र में स्थित 15 मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान छह दुकानदार मिठाई के साथ डिब्बे का वजन भी तौलते मिले।
इस पर सभी छह दुकानदारों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना/चालान किया गया। वरिष्ठ निरीक्षक मीनू तिवारी ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। पहली बार घटतौली मिलने पर शमन शुल्क लगाया गया है। दोबारा घटतौली मिली तो संबंधित के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर किए जाने का प्रावधान है।
3
दो दिन में क्रियाशील होंगे मक्के के सभी क्रय केंद्र
विपणन विभाग ने जनपद में स्वीकृत मक्का क्रय केंद्रों को क्रियाशील करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को माधौगंज मंडी स्थित क्रय केंद्र पर मक्का खरीद का शुभारंभ किया गया। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि अन्य केंद्र दो दिन में क्रियाशील हो जाएंगे।
जनपद में इस बार लगभग 35 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में मक्के की फसल उपजाई गई है। दस अक्तूबर को शासन की ओर से जनपद में मक्के की खरीद कराए जाने का आदेश जारी किया गया था। इसके लिए बार जनपद में छह क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। खरीद 15 अक्तूबर शुरू होना प्रस्तावित थी, लेकिन आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने में समय लगने के कारण खरीद समय पर शुरू नहीं हो सकी।
देर से ही सही, लेकिन मंगलवार से जनपद में मक्का खरीद का शुभारंभ हो गया। मंगलवार को माधौगंज के केंद्र 61 क्विंटल मक्का की खरीद की गई। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे ने बताया कि जनपद की शाहाबाद, संडीला, हरदोई, सांडी, पिहानी व माधौगंज मंडी में क्रय खोले गए हैं।
माधौगंज का क्रय केंद्र क्रियाशील हो गया है। दो दिन के अंदर अन्य पांचों केंद्र भी क्रियाशील करा दिए जाएंगे। बताया कि जनपद में इस बार 65 हजार क्विंटल मक्का खरीद का लक्ष्य है। केंद्र प्रभारियों को लक्ष्य के अनुरूप खरीद करने के निर्देश दिए गए हैं।
4
खेतों के लिए पराली के संजीवनी होने और प्रशासन के इससे खाद बनवाने की पहल करने के बाद भी किसान इस ओर जागरूक नहीं हो रहे हैं। बुधवार को पराली जलाने के मामले में 16 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शाहपुर पवार के लेखपाल हरिशंकर वर्मा ने बताया कि बेरिया नजीरपुर के मजरा करियनपुरवा निवासी शिवकुमार, अनिल कुमार, हाकिम सिंह, रामविलास, बनवारी, जमुना प्रसाद, शिवसहाय, नन्हीं देवी, कृष्णा देवी और कमलेश्वरी के खेतों में पराली जलाई गई है।
इसके अलावा शाहपुर पवार के मजरा बीचपुरवा निवासी रामप्रसाद, मोहनलाल, रामअवतार और शाहपुर निवासी सुशीला देवी व उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के ग्राम गहरपुर सिरधरपुरवा निवासी चेतना ने भी खेतों में पराली जलाई थी। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसडीएम सवायजपुर दीपक वर्मा ने बताया कि बुधवार को क्षेत्र के गांव निकारी, ढिघासर, महितापुर में एक दर्जन स्थानों पर धान की पराली जलती मिली। पराली जलाने से रोकने के लिए गठित टीम में शामिल दो लेखपालों लवकुश और गौरव यादव को लापरवाही पर विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
राजस्व निरीक्षक राजेंद्र त्रिवेदी का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई है। संबंधित ग्राम सचिव के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीपीआरओ को और सिपाहियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सीओ हरपालपुर को लिखा गया है।
एसडीएम ने बिना स्ट्रारी पर धान की कटाई कर रहीं दो कंबाइन सील कर दी हैं। मिट्टी भरी ट्राली भी अभिलेख न दिखाने पर सीज कर दी गई है। जिन खेतों में पराली जलती मिली है, उन्हें चिह्नित कर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जिलगांव निवासी रामबहादुर पुत्र गुलजार के विरुद्ध मूंगफली की फसल के अवशेष जलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
5
हरियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-पिहानी मार्ग पर बाइक सवार ममेरे भाई अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराए। घटना में बाइक में आग लग गई और युवक की जलकर मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम चुंगी निवासी रंजीत शुक्ला (22) पुत्र स्व. ब्रजकिशोर शुक्ला बिलग्राम रोड पर स्थित मैदा मिल में काम करता था। रंजीत के पारिवारिक मामा रामसेवक निवासी हरियावां थाना क्षेत्र के उतरा का निधन हो गया था। बुधवार को उनकी तेरहवीं थी।
इसमें शामिल होने के लिए रंजीत अपने ममेरे भाई अतुल कुमार (23) पुत्र स्व. श्रीकांत निवासी बिलग्राम चुंगी के साथ बाइक से उतरा गया था।
अतुल सदर तहसील में चपरासी है। शाम को दोनों एक ही बाइक से वापस आ रहे थे। हरदोई-पिहानी मार्ग पर उतरा तिराहे के निकट बाइक नीम के पेड़ से टकरा गई। पेड़ में टकराते ही बाइक जलने लगी और रंजीत भी जल गया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
इसी दौरान उधर से पिहानी के कोतवाल महेश चंद्र टीम के साथ गुजरे। उन्होंने झुलसे अतुल को जलती हुई बाइक से अलग खींचा और जिला अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक बाइक अतुल की थी और रंजीत इसे चला रहा था। अतुल को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
रंजीत के पिता ब्रजकिशोर शुक्ला की मौत एक दशक पहले हो चुकी है। रंजीत के साथ उसकी मां गुड्डी देवी और छोटी बहन रहती है। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। तीन बहनों के बीच रंजीत अकेला भाई था। उसकी मौत की जानकारी मिलते ही बहनें बदहवास हो गईं। मां गुड्डी देवी को संभालना मुश्किल हो गया।
पुलिस का जज्बा देख हर किसी ने की तारीफ
हरदोई से पिहानी जा रहे पिहानी कोतवाल महेश चंद्र ने मंजर देखा तो फौरन ही अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ सबसे पहले अतुल को निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। सोशल मीडिया से लेकर अन्य लोगों तक ने पुलिस के जज्बे की तारीफ की।
फोटो- 24- जलती बाइक से अतुल को निकालकर भागते पिहानी कोतवाल व अन्य पुलिसकर्मी। संवाद
फोटो- 25- रंजीत की फाइल फोटो।
फोटो-26- जिला चिकित्सालय में बिलखतीं रंजीत की मां गुड्डी और छोटी बहन नेहा। संवाद
फोटो- 27- घटना में झुलसा अतुल कुमार। संवाद
फोटो- 30- पेड़ से टकराकर जली बाइक। संवाद